Main Slideखेल

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की दमदार शुरुआत, पहले दिन 11 पदक, मोना अग्रवाल और निषाद कुमार ने जीता गोल्ड

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। भारत ने प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 11 पदक अपने नाम किए, जिनमें 4 स्वर्ण, 5 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। पदक तालिका में चीन 26 स्वर्ण सहित कुल 62 पदकों के साथ पहले स्थान पर है। जापान 8 स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे और उज्बेकिस्तान 6 स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे नंबर पर है। भारतीय खिलाड़ियों ने शूटिंग और पैरा एथलेटिक्स में कई शानदार प्रदर्शन किए। वहीं, तीरंदाजी में शीतल देवी ने भी अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा।

मोना अग्रवाल ने शूटिंग में दिलाया पहला गोल्ड

भारत के लिए पदकों का सिलसिला शूटिंग से शुरू हुआ। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में मोना अग्रवाल ने शानदार वापसी करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। मुकाबले में एक समय छठे स्थान पर रहीं मोना ने 250.0 अंक हासिल किए और नया एशियन पैरा गेम्स रिकॉर्ड बनाया। पेरिस पैरालंपिक 2024 की कांस्य पदक विजेता मोना को फाइनल में दो बार की पैरालंपिक चैंपियन अवनि लेखरा से कड़ी चुनौती मिली। अवनि ने 249.6 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। दोनों भारतीय निशानेबाजों के बीच मुकाबला बेहद करीबी रहा और मोना ने महज 0.4 अंक के अंतर से बाजी मार ली।

निषाद कुमार ने लंबी कूद में रचा इतिहास

पैरा एथलेटिक्स में निषाद कुमार ने पुरुषों की लंबी कूद की T47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया। उन्होंने 7.11 मीटर की छलांग लगाई। खास बात यह रही कि निषाद पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय लंबी कूद प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे थे। बचपन में एक हादसे के कारण निषाद का दाहिना हाथ प्रभावित हुआ था। इसके बावजूद उन्होंने मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर खेल में अपनी अलग पहचान बनाई है। लंबी कूद में उनका यह प्रदर्शन भारतीय दल के लिए बड़ी उपलब्धि रहा।

सौम्या और रिंकू ने भी जीते स्वर्ण पदक

महिलाओं की 1500 मीटर T12/T13 दौड़ में भारत की सौम्या ने 5 मिनट 12.39 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। इसी स्पर्धा में भारत की वेंकटेश राधा ने 5 मिनट 30.90 सेकंड के समय के साथ रजत पदक जीता। पुरुषों की भाला फेंक F46 स्पर्धा में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। रिंकू ने 65.11 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि अजीत सिंह 65.02 मीटर के प्रदर्शन के साथ दूसरे स्थान पर रहे। दोनों खिलाड़ियों ने इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

शीतल देवी ने तीरंदाजी में बनाया रिकॉर्ड

तीरंदाजी में भारत की शीतल देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। इसके साथ ही उन्होंने राकेश कुमार के साथ मिलकर मिक्स्ड टीम स्पर्धा में नया विश्व रिकॉर्ड भी बनाया। पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों के इन प्रदर्शनों ने प्रतियोगिता में देश की पदक उम्मीदों को मजबूती दी है। चार स्वर्ण पदकों के साथ भारत ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार आगाज किया है। अब भारतीय दल की कोशिश आने वाले दिनों में इस लय को बरकरार रखते हुए पदक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत करने की होगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close