कैलिफोर्निया से मिली थी 34 हजार रुपये की सुपारी, टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद पहचान छिपाकर भागे आरोपी

मुंबई: अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों को कैलिफोर्निया से 34 हजार रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि विदेश में बैठे अनिल पंडित ने तीनों आरोपियों को पैसे देने के साथ विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा भी दिया था। पुलिस ने तीनों संदिग्धों को राजस्थान के कोटा में मुंबई से आ रही एक ट्रेन से हिरासत में लिया। जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदले और बाल भी कटवा लिए थे।
फायरिंग के बाद बदला हुलिया, ट्रेन से काटे बाल
जांच के मुताबिक, तीनों आरोपी मुंबई में जुहू चौपाटी के आसपास अक्सर घूमने जाते थे। हालांकि, पुलिस की गिरफ्त में आने के समय उनका हुलिया बदला हुआ था। बताया जा रहा है कि पहचान छिपाने के लिए तीनों ने ट्रेन में ही बाल छोटे किए और कपड़े भी बदल लिए। पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बाद आरोपी अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे और लोकल ट्रेन में सवार हो गए। वे दो-तीन स्टेशन आगे जाने के बाद ट्रेन से उतर गए। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन टैक्सी बुक की। पुलिस का दावा है कि टैक्सी का भुगतान भी अनिल पंडित ने किया था। इसके बाद तीनों सूरत पहुंचे, जहां से उन्होंने पुणे-जयपुर ट्रेन पकड़ी। इसी ट्रेन में सफर के दौरान कोटा पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
आरोपियों के पास नहीं मिला हथियार
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों के पास से फिलहाल कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। उनके बैग से केवल कपड़े मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को रास्ते में कहीं फेंक दिया गया हो। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि ऋतिक ने वारदात के लिए चोरी की बाइक का इंतजाम किया था। पुलिस आरोपियों की गतिविधियों और वारदात से पहले की तैयारियों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
कैसे जुड़े तीनों आरोपी?
पुलिस की जांच में रेहान उर्फ सुक्का, फूल सिंह और रोशन उर्फ ऋतिक के बीच संपर्क की जानकारी सामने आई है। ऋतिक की उम्र 22 साल बताई गई है, जबकि रेहान और फूल सिंह दोनों 18 वर्ष के हैं। बताया जा रहा है कि रेहान की मुलाकात सबसे पहले सोनीपत के रहने वाले समीर नाम के युवक से हुई थी। आरोप है कि समीर ने ही रेहान की बात अनिल पंडित से करवाई। इसके बाद तीनों आरोपियों को इस साजिश से जोड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, फूल सिंह और रेहान मजदूरी करते थे, जबकि ऋतिक रैपिड बाइक चलाता था। स्थानीय रास्तों और इलाकों की जानकारी होने के कारण ऋतिक को इस साजिश में शामिल किए जाने की बात सामने आई है।
अमृतसर में भी फायरिंग की कोशिश का आरोप
जांच के दौरान आरोपियों का नाम अमृतसर के एक व्यापारी पर गोली चलाने की कोशिश से भी जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, रेहान और फूल सिंह ने पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय पिस्टल से गोली नहीं चल सकी थी। इस मामले में समीर को अमृतसर पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
वारदात के बाद नेपाल भागने की थी योजना
तीनों आरोपियों को सोमवार को राजस्थान के कोटा में मुंबई से आ रही ट्रेन से हिरासत में लिया गया था। कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के मुताबिक, संदिग्धों ने पूछताछ में बताया कि वारदात के बाद वे ट्रेन से भागे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की योजना जयपुर से बस के जरिए दिल्ली पहुंचने और फिर सीमा पार कर नेपाल जाने की थी। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विदेश में बैठे कथित हैंडलर की भूमिका, पैसों के लेनदेन और हथियारों की बरामदगी को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







