आज की खबर के चेयरमैन डॉ. चंद्रसेन वर्मा सहित कई लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ


लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान” के तहत सेक्टर-एल, अलीगंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आज की खबर के चेयरमैन डॉ. चंद्रसेन वर्मा सहित कई लोगों ने नशामुक्ति की शपथ लेकर नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें।

इस अवसर पर डॉ. चंद्रसेन वर्मा ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता के साथ सामूहिक सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत करना चाहिए, ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित किया जा सके।

कार्यक्रम में अभियान में सहभागिता करने वाले लोगों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।








