‘क्राइम पेट्रोल’ की नई कमान अजय देवगन के हाथ, 31 अगस्त से शुरू होगा नया सीजन, सामने आया दमदार प्रोमो

टीवी के चर्चित क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन का प्रोमो रिलीज हो गया है। इसके साथ ही लंबे समय से चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है। बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन अब ‘क्राइम पेट्रोल 2026: क्राइम का करंट सीजन’ को होस्ट करते नजर आएंगे। वह अभिनेता अनूप सोनी की जगह शो की कमान संभालेंगे। नए प्रोमो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अजय देवगन के टीवी डेब्यू को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है। अनूप सोनी ने 2018 के बाद शो की होस्टिंग छोड़ दी थी। अब कई साल बाद ‘क्राइम पेट्रोल’ एक नए होस्ट और नए अंदाज के साथ दर्शकों के बीच लौटने जा रहा है।
अजय देवगन ने प्रोमो में बढ़ाई सस्पेंस की गर्मी
प्रोमो में अजय देवगन अपराध की बदलती तस्वीर पर बात करते नजर आते हैं। वह बताते हैं कि बचपन में हमें अजनबियों से सावधान रहने और घर को सुरक्षित रखने की सीख दी जाती थी, लेकिन कई अपराध ऐसे होते हैं जिनमें खतरा किसी अनजान व्यक्ति से नहीं, बल्कि अपने ही लोगों से होता है। अजय देवगन कहते हैं कि कई मामलों में अपराध करने वाला व्यक्ति वही होता है, जिसे घर का रास्ता पता होता है, जिसके पास घर की चाबी होती है और जो परिवार का हिस्सा होता है। प्रोमो में उनका गंभीर और प्रभावशाली अंदाज शो के नए सीजन को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है।
देश को झकझोर देने वाले मामलों पर होगी नजर
नए सीजन में देश को झकझोर देने वाले चर्चित अपराधों को दिखाया जाएगा। प्रोमो में अजय देवगन कहते हैं कि ऐसे ही कुछ मामलों को लेकर वह दर्शकों के साथ रहेंगे और मिलकर उन अपराधों की परतों को समझने की कोशिश करेंगे। बड़े पर्दे पर अपनी दमदार अदाकारी के लिए मशहूर अजय देवगन का टीवी पर यह नया अंदाज उनके फैंस के लिए खास होने वाला है। ‘क्राइम पेट्रोल 2026: क्राइम का करंट सीजन’ का प्रसारण 31 अगस्त 2026 से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर शुरू होगा। शो को SonyLIV पर भी देखा जा सकेगा।
अनूप सोनी ने क्यों छोड़ी थी होस्टिंग?
अनूप सोनी 2010 में ‘क्राइम पेट्रोल’ से जुड़े थे और कई वर्षों तक शो की पहचान बने रहे। हालांकि, 2018 में उन्होंने होस्टिंग छोड़ने का फैसला किया था। उस समय उन्होंने कहा था कि वह कुछ समय के लिए टीवी से दूर रहकर अपने अभिनय पर ध्यान देना चाहते हैं और अपने एक्टिंग टैलेंट को अगले स्तर तक ले जाना चाहते हैं। अनूप सोनी ने यह भी बताया था कि वह लंबे समय तक एक ही तरह के मामलों पर बात करते रहने से आगे कुछ अलग करना चाहते थे। हालांकि, होस्टिंग छोड़ने के बाद भी वह शो के कुछ खास सीक्वेंस में नजर आते रहे। अब ‘क्राइम पेट्रोल’ की नई पारी में अजय देवगन की एंट्री ने शो को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।







