अतीक के बेटे अबान को आज किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक, अली-उमर को मिली पैरोल, शाइस्ता परवीन पर टिकी नजर

प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को आज शनिवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अंतिम संस्कार को लेकर कब्रिस्तान में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। अबान के दोनों भाई अली और उमर भी जनाजे में शामिल होंगे। दोनों को हाई कोर्ट से पैरोल मिल चुकी है। अब इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा नजर अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर है। उमेश पाल हत्याकांड में वांछित शाइस्ता लंबे समय से फरार चल रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या वह अपने बेटे अबान को आखिरी बार देखने के लिए जनाजे में पहुंचेंगी।
6 अगस्त को सड़क हादसे में हुई थी मौत
अबान अहमद की 6 अगस्त को झांसी जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे के बाद झांसी पुलिस ने पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद अबान का शव प्रयागराज के हटवा गांव लाया गया। यहां अतीक अहमद की बहन का घर है। शव को फिलहाल बुआ के घर रखा गया, जहां शुक्रवार देर रात तक परिवार और करीबियों के साथ बड़ी संख्या में लोग अबान के अंतिम दीदार के लिए पहुंचे।
जुमे की नमाज के बाद होना था अंतिम संस्कार
अबान को शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद ही सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की तैयारी थी। इसके लिए कसारी-मसारी कब्रिस्तान में कब्र भी खोद दी गई थी। हालांकि, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं में अधिक समय लगने के कारण अंतिम संस्कार को एक दिन के लिए टालना पड़ा। अब शनिवार को अबान का जनाजा कसारी-मसारी कब्रिस्तान पहुंचेगा। अंतिम संस्कार से पहले शव को कुछ समय के लिए अतीक अहमद के पुराने पुश्तैनी घर पर भी ले जाने की बात सामने आई है।
बुलडोजर कार्रवाई के बाद भी परिवार के लिए अहम है पुश्तैनी घर
अतीक अहमद के इसी पुश्तैनी घर पर योगी सरकार के कार्यकाल में बुलडोजर कार्रवाई हुई थी। परिवार के करीबी लोगों के मुताबिक, अंतिम संस्कार से पहले अबान के शव को कुछ देर के लिए इस स्थान पर लाया जा सकता है, जहां परिवार के सदस्य मय्यत के आखिरी दीदार कर सकेंगे। इसके बाद जनाजा कसारी-मसारी कब्रिस्तान के लिए रवाना होगा। पुश्तैनी घर और कब्रिस्तान के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
अतीक, अशरफ और असद की कब्र के पास दफन होगा अबान
अबान अहमद को उसी कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा, जहां उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद को सुपुर्द-ए-खाक किया गया था। जानकारी के मुताबिक, अबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के पास ही खोदी गई है। परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि अतीक को अपने सबसे छोटे बेटे अबान से विशेष लगाव था। अबान अतीक के पांच बेटों में सबसे छोटा था और अहजम का जुड़वां भाई था।
अली और उमर भी जनाजे में होंगे शामिल
अबान के अंतिम संस्कार में उसके बड़े भाई अली और उमर के शामिल होने का रास्ता भी साफ हो गया है। दोनों को हाई कोर्ट से पैरोल मिल चुकी है। ऐसे में दोनों भाई अपने छोटे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। अली और उमर की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की नजर सुरक्षा व्यवस्था पर भी रहेगी। कब्रिस्तान और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या बेटे के जनाजे में पहुंचेगी शाइस्ता?
अबान के अंतिम संस्कार के बीच सबसे बड़ा सवाल अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन को लेकर है। पति अतीक अहमद की हत्या, बड़े बेटे असद के एनकाउंटर और अब सबसे छोटे बेटे अबान की मौत के बाद परिवार पर एक के बाद एक बड़े संकट आए हैं।शाइस्ता परवीन उमेश पाल हत्याकांड मामले में वांछित हैं और लंबे समय से फरार चल रही हैं। 2023 से पुलिस को उनकी तलाश है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।ऐसे में अबान के जनाजे के दौरान पुलिस, एसटीएफ और परिवार के करीबियों की नजर शाइस्ता परवीन पर भी रहेगी। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वह बेटे के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचेंगी या नहीं।अबान के अंतिम संस्कार को लेकर कसारी-मसारी कब्रिस्तान और अतीक के पुराने पुश्तैनी घर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आज होने वाले जनाजे में परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।



