Main Slideउत्तराखंडखेलप्रदेश

उत्तराखंड में घर बसाना चाहते हैं ऋषभ पंत, CM धामी से जमीन दिलाने की लगाई गुहार

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में अपना घर बसाने की इच्छा जताई है। पंत ने देर रात सोशल मीडिया के जरिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से खास अपील की और जमीन हासिल करने की प्रक्रिया में मदद मांगी। पंत ने बताया कि वह पिछले करीब तीन साल से उत्तराखंड में अपने लिए उपयुक्त जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी जरूरत के मुताबिक प्रॉपर्टी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया काफी जटिल और उलझी हुई हो गई है, इसलिए उन्हें सरकार की मदद की जरूरत है।

दिल्ली से उत्तराखंड लौटना चाहते हैं पंत

ऋषभ पंत का जन्म उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में हुआ था। बचपन में उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया और प्रोफेशनल क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए दिल्ली का रुख किया। क्रिकेट में पहचान बनाने के बाद उनका अधिकांश समय दिल्ली में ही बीता। पंत अब भी घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं। हालांकि, अब भारतीय क्रिकेटर अपनी जड़ों की ओर लौटना चाहते हैं। इसी वजह से वह उत्तराखंड में जमीन लेकर अपना घर बसाने की कोशिश कर रहे हैं।

सीएम धामी से की खास अपील

पंत ने सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जमीन से जुड़े मामले में मदद करने की अपील की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से जमीन खरीदने की कोशिश के बावजूद उन्हें ऐसी जगह नहीं मिल पाई, जो उनकी जरूरतों के अनुरूप हो। पंत ने यह भी कहा कि उत्तराखंड को प्रमोट करने के बदले उन्हें जिस जमीन के मिलने की उम्मीद थी, वह भी अभी तक उन्हें नहीं मिल सकी है। ऐसे में उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में सहयोग करने का अनुरोध किया है।

फिलहाल श्रीलंका में हैं पंत

ऋषभ पंत इस समय टीम इंडिया के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं। भारतीय टीम श्रीलंका XI के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेल रही है। इसके बाद भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होगी। सीरीज का पहला टेस्ट 15 अगस्त से खेला जाना है। क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम के बीच पंत का उत्तराखंड में घर बसाने का फैसला उनके राज्य से जुड़ाव को दर्शाता है। ऋषभ पंत हाल ही में उत्तराखंड में व्यक्तिगत तौर पर सबसे ज्यादा आयकर देने वाले व्यक्ति बने थे। वित्त वर्ष 2025-26 में उन्होंने कथित तौर पर 23.84 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स जमा किया था। क्रिकेट के साथ-साथ पंत का उत्तराखंड से जुड़ाव लगातार चर्चा में रहता है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close