पीएम मोदी से मिले राघव चड्ढा, बोले- ‘हमेशा याद रखूंगा ये सुबह’, मुलाकात को लेकर बढ़ी सियासी चर्चा

नई दिल्ली: बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद चड्ढा ने सोशल मीडिया पर इसे अपने लिए यादगार सुबह बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ उनकी विस्तार से और अच्छी बातचीत हुई तथा उन्हें पीएम मोदी के अनुभव और मार्गदर्शन से काफी कुछ सीखने का मौका मिला। राघव चड्ढा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का अवसर मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री के समय, समझ और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।
बीजेपी में शामिल होने के बाद पहली मुलाकात
राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ यह उनकी पहली मुलाकात बताई जा रही है। मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब संसद का मानसून सत्र चल रहा है और चड्ढा सदन में कई मुद्दे उठा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने डॉक्टरों और पैथोलॉजी लैब के बीच कथित कमीशनखोरी का मुद्दा राज्यसभा में उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कई मामलों में मरीजों को एक खास लैब में जांच कराने के लिए भेजा जाता है और जांच की रकम का एक हिस्सा कथित तौर पर डॉक्टरों तक पहुंचता है। उनके इस भाषण की सदन में काफी चर्चा हुई थी।
पहले भी पीएम मोदी की कर चुके हैं तारीफ
राघव चड्ढा इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक रूप से तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने पीएम मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने और लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने को लेकर सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखी थी। चड्ढा ने उस पोस्ट में भारत की विविधता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा था कि इतने बड़े और विविध देश का भरोसा एक बार जीतना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन लगातार तीन चुनावों में जनादेश हासिल करना उससे भी ज्यादा खास है।
राज्यसभा की याचिका समिति के अध्यक्ष हैं चड्ढा
राघव चड्ढा को मई में राज्यसभा की याचिका समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन की ओर से समिति के पुनर्गठन के बाद कुल 10 सदस्यों को इसमें नामित किया गया था। समिति में राघव चड्ढा के अलावा हर्ष महाजन, गुलाम अली, शंभू शरण पटेल, मयंक कुमार नायक, मस्तान राव यादव बीडा, जेबी माथेर हिशाम, सुभाशीष खुंटिया, रवंगवरा नारजारी और संतोष कुमार पी. शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी से राघव चड्ढा की मुलाकात और उसके बाद उनके बयान को लेकर अब सियासी हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।



