Main Slideराष्ट्रीय

मानसून का कहर जारी: 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR और गुरुग्राम में ऑरेंज चेतावनी

देशभर में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाके जलमग्न हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को 15 राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज आंधी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। किसानों और मछुआरों को भी सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है।

असम में बाढ़ से हालात गंभीर

असम में बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई है। अब तक 97 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 जिलों के 1.68 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। झारखंड सरकार ने भी असम मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।

गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम की सलाह

लगातार बारिश के कारण गुरुग्राम के कई इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया है। सड़कें पानी में डूब गई हैं और यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से यथासंभव वर्क फ्रॉम होम अपनाने और जलभराव वाले मार्गों से बचने की अपील की है। अधिकारियों को फील्ड में रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली में भी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने राजधानी में भी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में चेतावनी

उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट है। बिहार, पंजाब, झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

पहाड़ी राज्यों में बढ़ा खतरा

जम्मू-कश्मीर में कई इलाकों में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के बाद नाले उफान पर हैं। उत्तराखंड में केदारनाथ हाईवे पर भूस्खलन से यातायात प्रभावित हुआ है और कई वाहन फंस गए। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और अन्य जिलों में भी भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close