‘लॉक अप 2’ में बड़ा ट्विस्ट: हर्षद चोपड़ा बने पहले फाइनलिस्ट, श्रेया कालरा ने शिवांगी जोशी को किया बाहर

रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ के हालिया एपिसोड में भावनाओं, रणनीति और चौंकाने वाले फैसलों का जबरदस्त मेल देखने को मिला। जहां हर्षद चोपड़ा शो के पहले फाइनलिस्ट बने, वहीं श्रेया कालरा ने अपनी विशेष शक्ति का इस्तेमाल करते हुए शिवांगी जोशी को शो से बाहर कर सभी को हैरान कर दिया।
हर्षद और शिवांगी के बीच दिखा भावुक पल
पहले फाइनलिस्ट के चयन के लिए आखिर में सेल के अंदर केवल हर्षद चोपड़ा और शिवांगी जोशी बचे थे। इसी दौरान हर्षद ने खुलासा किया कि उन्होंने पिछला चैलेंज जानबूझकर हार दिया था। उन्होंने कहा, “मैं वह गेम जानबूझकर हारा था। यह सुनकर शिवांगी भावुक हो गईं और उन्होंने हर्षद से पूछा कि उन्होंने अपने लिए इतना बड़ा मौका क्यों छोड़ दिया। शिवांगी ने कहा कि अगर ट्रॉफी उनकी किस्मत में होगी तो वह उन्हें जरूर मिलेगी। कुछ समय तक दोनों एक-दूसरे को पहला फाइनलिस्ट बनाने के लिए खुद बाहर निकलने की बात करते रहे, लेकिन अंत में हर्षद अपने फैसले पर कायम रहे और कहा कि उन्हें पहली बार अपने लिए खेलने का मौका मिला है।
हर्षद बने पहले फाइनलिस्ट
जेलर रितेश देशमुख ने दोनों से अंतिम फैसला देने को कहा। इसके बाद शिवांगी ने खुद सेल से बाहर निकलने का निर्णय लिया, जिससे हर्षद चोपड़ा ‘लॉक अप 2’ के पहले फाइनलिस्ट बन गए। हालांकि, यह पल दोनों के लिए बेहद भावुक रहा। शिवांगी की आंखों से आंसू छलक पड़े और उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि हर्षद उनसे ज्यादा इस स्थान के हकदार थे। शिवांगी को रोता देख हर्षद भी भावुक हो गए और उन्हें अपने फैसले का असर महसूस हुआ।
श्रेया कालरा के फैसले ने सबको चौंकाया
एपिसोड का सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आया, जब श्रेया कालरा को छह ‘एट-रिस्क’ कंटेस्टेंट्स में से किसी एक को बाहर करने की विशेष शक्ति मिली। अधिकांश घरवालों और दर्शकों को उम्मीद थी कि श्रेया योगेश रावत या आकांक्षा चमोला का नाम लेंगी, लेकिन उन्होंने सभी को चौंकाते हुए शिवांगी जोशी को एलिमिनेट करने का फैसला किया। इस अप्रत्याशित निर्णय के साथ शिवांगी जोशी का ‘लॉक अप 2’ का सफर समाप्त हो गया, जबकि हर्षद चोपड़ा ने पहले फाइनलिस्ट के रूप में फिनाले में अपनी जगह पक्की कर ली।







