Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

‘गुंडे-माफियाओं को मंत्री बनाने वाले अखिलेश आज लोकतंत्र पर ज्ञान दे रहे’, बीजेपी ने सपा पर बोला तीखा हमला

बीजेपी नेताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। यूपी बीजेपी के उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने अपने शासनकाल में सिर्फ कामचोरी की, वो आज वोट चोरी की बात कर रहे हैं। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जब 2027 में जनता सपा का सूपड़ा साफ कर देगी, तब अखिलेश का भ्रम टूटेगा। वहीं, बीजेपी प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि जिनकी सरकार में माफिया, गुंडे, अपराधी और बलात्कारी मंत्री पद पाते थे, वो आज लोकतंत्र की बात कर रहे हैं।

नीरज सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव और कांग्रेस वोट चोरी का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश, उत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता सपा के षड्यंत्रों का मुंहतोड़ जवाब देगी।

‘सपा राज में डर के साये में रहती थीं बहन-बेटियां’

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि योगी सरकार में युवाओं को बिना पर्ची और खर्ची के नौकरियां मिल रही हैं। प्रदेश में 9.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सपा शासन में बहन-बेटियां स्कूल जाने में डरती थी। प्रदेश में गुंडराज था और सरकार माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण देती थी।

उन्होंने सपा-कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ये एकजुटता की बात तो करते हैं, लेकिन ये तय नहीं कर पा रहे हैं कि कौन बड़ा भाई है और कौन छोटा? जिस तरह से इनमें आपस में ही सिर फुटौव्वल चल रहा है, उससे साफ है कि 2027 के चुनाव में इन्हें अपनी हार नजर आ गई है।

‘अपनी नाकामी को वोट चोरी बता रहा है विपक्ष’

डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस अपनी हार को वोट चोरी बताकर जनादेश का अपमान कर रही है। हकीकत ये है कि बार-बार देश और प्रदेश की जनता इन्हें नकार चुकी है और ये अपनी नाकामी को पचा नहीं पा रहे हैं। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि यूपी की जनता भूली नहीं है कि अखिलेश के शासनकाल में किस तरह प्रदेश में दंगे होते थे, अपराधियों का बोलबाला था और सपाई जमीन पर कब्जा करते थे। आज माफियाओं का कोई वजूद नहीं है। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन को ठगबंधन बताते हुए कहा कि इनमें आपस में ही जूतमपैजार हो रही है। फिर किस मुंह से ये एकजुटता की बात कर रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close