Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

अखिलेश यादव पर ओम प्रकाश राजभर का तीखा हमला, बोले- ‘2027 में सपा को सफाचट करेंगे’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कई गंभीर आरोप लगाए और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया।

राजभर ने अखिलेश यादव पर लगाए आरोप

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट में आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के समर्थक पिछले लगभग दस वर्षों से पिछड़े वर्ग के लोगों के घरों और जमीनों पर नजर लगाए बैठे हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष सरकार बदलने का इंतजार कर रहा है ताकि सत्ता में आने के बाद अपने समर्थकों को खुली छूट दे सके।

PDA को लेकर भी साधा निशाना

राजभर ने अपने पोस्ट में समाजवादी पार्टी के PDA अभियान पर भी टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि कुछ वर्गों को निशाना बनाने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछड़े और बहुजन समाज की कई जातियों को डराने और नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी समर्थक बहुजन समाज की संपत्तियों पर कब्जा करने की मंशा रखते हैं।

2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा

कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि बहुजन समाज इस बार विपक्ष को ऐसा अवसर नहीं देगा। उन्होंने लिखा कि समाजवादी पार्टी 2017 और 2022 की तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पराजित होगी। राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी और सहयोगी दल मिलकर 2027 में समाजवादी पार्टी को “सफाचट” कर देंगे। फिलहाल, ओम प्रकाश राजभर के इन आरोपों पर समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती दिखाई दे रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close