झारखंड में 1,042 सहायक आचार्यों को मिलेगा नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज करेंगे नियुक्ति वितरण

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को 1,042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर रांची के होटवार स्थित खेलगांव में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के लिए हुई नियुक्तियां
नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में 274 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य पहली से पांचवीं कक्षा के लिए चयनित हुए हैं। वहीं, 768 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य छठी से आठवीं कक्षा के लिए नियुक्त किए गए हैं। इन 768 अभ्यर्थियों में 387 सामाजिक विज्ञान, 231 गणित एवं विज्ञान तथा 150 भाषा विषय के सहायक आचार्य शामिल हैं।
पलामू में सबसे अधिक नियुक्तियां
जिलावार नियुक्तियों की बात करें तो पलामू को सबसे अधिक 123 सहायक आचार्य मिले हैं। इसके बाद गिरिडीह (92), कोडरमा (81), साहिबगंज (63), पश्चिमी सिंहभूम (61), देवघर (59), दुमका (54) और गोड्डा (53) में नियुक्तियां की गई हैं। इसके अलावा पाकुड़ (51), धनबाद (42), लातेहार (41), पूर्वी सिंहभूम (39), जामताड़ा (39), रांची (36), सरायकेला-खरसावां (34), गढ़वा (34), गुमला (27), बोकारो (24), सिमडेगा (21), हजारीबाग (15), खूंटी (12), लोहरदगा (11) और रामगढ़ (4) में सहायक आचार्यों की नियुक्ति की गई है।
पहले भी मिल चुके हैं 10,500 से अधिक नियुक्ति पत्र
इससे पहले राज्य सरकार लगभग 10,500 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंप चुकी है। ये सभी पिछले सात से आठ महीनों से विभिन्न सरकारी स्कूलों में शिक्षण कार्य कर रहे हैं। इन नियुक्तियों का चयन झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित परीक्षा के माध्यम से किया गया था। गौरतलब है कि सहायक आचार्यों की भर्ती प्रक्रिया 26,001 पदों के लिए शुरू की गई थी। हालांकि, पर्याप्त संख्या में योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में पद अब भी रिक्त हैं।






