Main Slideप्रदेश

ब्रेकअप के बाद सनकी बना युवक, गर्लफ्रेंड को किया किडनैप, चलती कार में ब्लास्ट से जिंदा जला

कर्नाटक के तुमकुरु जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ब्रेकअप के बाद एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका का अपहरण कर लिया। घटना के दौरान चलती कैब में धमाका हो गया, जिसमें युवक की जलकर मौत हो गई, जबकि युवती और कैब चालक घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय नागेंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अंकोला का रहने वाला था और बेंगलुरु में रहता था। बताया जा रहा है कि नागेंद्र का एक युवती के साथ लंबे समय से संबंध था, लेकिन हाल के दिनों में दोनों के बीच विवाद चल रहा था। युवती ने उससे दूरी बना ली थी और उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया था।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह नागेंद्र बेंगलुरु के जयनगर स्थित युवती के किराए के घर पहुंचा। वहां दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद उसने कथित तौर पर युवती को जबरन कैब में बैठा लिया। इसके बाद वह नेशनल हाईवे-48 के रास्ते अंकोला की ओर निकल पड़ा।

रास्ते में आरोपी ने युवती को धमकाते हुए कहा कि वह पहले उसे मारेगा और फिर खुद भी जान दे देगा। पुलिस का दावा है कि युवक ने युवती पर चाकू से हमला भी किया। जब कैब तुमकुरु जिले के जोगिहल्ली इलाके के पास पहुंची तो चालक ने वाहन रोक दिया। इसी दौरान युवती किसी तरह कैब से बाहर निकलने में सफल रही।

कुछ ही क्षण बाद कार में जोरदार विस्फोट हुआ और वाहन आग की लपटों में घिर गया। नागेंद्र बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। घटना में कैब चालक प्रवीण और युवती घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को शक है कि कार में विस्फोटक या पेट्रोल बम जैसी कोई सामग्री मौजूद थी। शुरुआती जांच में वाहन से संदिग्ध सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

इधर, युवती के परिजनों ने पहले ही जयनगर पुलिस थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। फिलहाल कल्लामबेला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि कार में धमाका कैसे हुआ और उसमें किस तरह की सामग्री इस्तेमाल की गई थी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close