Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

चलती बस में ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, मौत के बाद बेकाबू हुई बस, यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गोरई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। मथुरा डिपो की एक रोडवेज बस के चालक को चलती बस में अचानक हार्ट अटैक आ गया। चालक के अचेत होते ही बस बेकाबू हो गई और सड़क किनारे बिजली के पोल तथा एक गाय से टकराकर रुक गई। इस हादसे में बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बच गए, लेकिन चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मथुरा डिपो की बस (UP-78-KT-3189) यात्रियों को लेकर अलीगढ़ जा रही थी। गोरई थाना क्षेत्र के गांव नया बांस के पास अचानक चालक की तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही क्षणों में वह सीट पर अचेत हो गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर आगे बढ़ने लगी। आखिरकार बस बिजली के पोल और एक गाय से टकराने के बाद रुक गई। घटना के दौरान यात्रियों ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई। चालक की हालत बिगड़ते ही कुछ यात्रियों ने तुरंत बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उनकी सतर्कता और साहस के चलते बस में सवार सभी लोगों की जान सुरक्षित रही।

सूचना मिलते ही गोरई थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अलीगढ़ पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चालक की तबीयत अचानक खराब होने के कारण बस अनियंत्रित हुई थी। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close