मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 48 घंटे में इन राज्यों में देगा दस्तक; IMD ने कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया

दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों तक पहुंच सकता है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में भी मानसून सक्रिय होने के संकेत हैं।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 से 29 जून के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 26 से 30 जून तक कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पंजाब में 27 और 28 जून को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 27 जून से 1 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मध्य भारत में भी बरसेंगे बादल
मध्य प्रदेश में 30 जून तक कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विदर्भ में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 25 से 29 जून के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में मूसलाधार बारिश के आसार
कोंकण और गोवा में 25 से 30 जून के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 25 जून को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की भी चेतावनी दी है। मध्य महाराष्ट्र में 25 से 29 जून तक भारी बारिश का अनुमान है, जबकि गुजरात में 25 से 28 जून के बीच कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक में भी 25 और 26 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार समेत पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर
आईएमडी के अनुसार, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 1 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बिहार में 27 और 28 जून को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 25 से 29 जून तक भारी वर्षा की संभावना है। असम और मेघालय में 25 और 26 जून को भारी बारिश का अनुमान है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में 25 जून को तेज बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 25 और 26 जून को कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।







