SBI Mutual Fund IPO को सेबी की मंजूरी, 13,000 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी

देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI Mutual Fund को अपना प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से मंजूरी मिल गई है। सूत्रों के अनुसार, कंपनी अगले महीने करीब 13,000 करोड़ रुपये का आईपीओ बाजार में उतार सकती है। मार्च में दाखिल किए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) पर आधारित होगा। इसके तहत कुल 20.37 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की जाएगी। आईपीओ में कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा। इस बिक्री पेशकश के तहत SBI Mutual Fund की प्रमोटर कंपनियां, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और एमुंडी इंडिया होल्डिंग्स अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचेंगी।
लिस्टिंग के बाद इन कंपनियों की श्रेणी में होगी शामिल
शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद SBI Funds Management Limited देश की अन्य प्रमुख लिस्टेड एसेट मैनेजमेंट कंपनियों की श्रेणी में शामिल हो जाएगी। इनमें ICICI Prudential AMC, HDFC AMC, UTI AMC, Aditya Birla Sun Life AMC, Nippon Life India AMC और Shriram AMC जैसी कंपनियां शामिल हैं।
1987 में हुई थी स्थापना
SBI Mutual Fund की स्थापना वर्ष 1987 में हुई थी और 1993 में इसे सेबी के साथ पंजीकृत किया गया था। वर्ष 2011 में SBI ने फ्रांस की प्रमुख निवेश प्रबंधन कंपनी Amundi के साथ संयुक्त उद्यम (Joint Venture) बनाया, जिसके बाद कंपनी ने अपने कारोबार का तेजी से विस्तार किया। वर्तमान में SBI Mutual Fund करीब 92 निवेश योजनाओं का संचालन कर रही है। इनमें 52 इक्विटी फंड, 23 डेट फंड, 13 हाइब्रिड फंड और 4 अन्य श्रेणी की योजनाएं शामिल हैं।
12.70 लाख करोड़ रुपये का AUM
SBI Mutual Fund देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी है और फिलहाल लगभग 12.70 लाख करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों (Assets Under Management-AUM) का प्रबंधन कर रही है। यह आंकड़ा देश की किसी भी अन्य म्यूचुअल फंड कंपनी से अधिक है, जो निवेशकों के बीच कंपनी की मजबूत साख और भरोसे को दर्शाता है। शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो SBI Funds Management Limited में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की 61.98 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि फ्रांस की Amundi के पास 36.40 प्रतिशत हिस्सेदारी है।







