सीएम सम्राट चौधरी ने किया बापूधाम महोत्सव का शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री शेखावत ने भव्य तारामंडल बनाने का किया ऐलान

मोतिहारी। मोतिहारी के विकास को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। गांधी मैदान में बापूधाम महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले में करीब 285 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने चीनी मिल की स्थापना, हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने और अटल कला भवन के निर्माण समेत कई परियोजनाओं की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी में जल्द ही चीनी मिल की स्थापना का काम शुरू किया जाएगा। इससे गन्ना किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि रक्सौल के अलावा मुजफ्फरपुर और वाल्मीकिनगर में हवाई अड्डों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, मोतिहारी में भी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना है, जिससे जिले की कनेक्टिविटी को और बेहतर किया जा सकेगा।
कला और संस्कृति के क्षेत्र में मोतिहारी को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने अटल कला भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा पोलिटेक्निक कॉलेज के पास धनौती नदी पर एक और पुल बनाया जाएगा। इससे आसपास के इलाकों में आवागमन आसान होगा।
मोतीझील किनारे बनेगा मरीन ड्राइव
मुख्यमंत्री ने मोतीझील के विकास की योजना का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि रोइंग क्लब से चीनी मिल तक मोतीझील के किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा। इससे शहर के सौंदर्यीकरण के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मोतिहारी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज अब बरियारपुर में बनाया जाएगा। वहीं, लंबे समय से भूमि की कमी के कारण अटके केंद्रीय विद्यालय के भवन निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है। केंद्रीय विद्यालय के लिए भी बरियारपुर में भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा रहा है और कई मामलों में 30 दिनों के भीतर लोगों को न्याय मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार से जोड़ना है।
महिलाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोतिहारी में संचालित मदर डेयरी से भी बड़ी डेयरी स्थापित करने की योजना है। मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के लिए उत्तर बिहार में व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
जीविका दीदियों को पशु सखी के रूप में गाय और बकरी पालन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही स्टार्टअप के माध्यम से महिलाओं को दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की योजना है।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने गांधी मैदान के बाद महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा आयोजित कृषि, पशुपालन एवं मात्स्यिकी उन्नयन मेले का उद्घाटन किया और लोगों को संबोधित किया।
मोतिहारी में बनेगा देश का आधुनिक तारामंडल
बापूधाम महोत्सव के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मोतिहारी के लिए एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहर में भव्य तारामंडल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि यह देश का पहला ऐसा तारामंडल होगा, जिसमें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शेखावत ने चंपारण की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वह धरती है, जहां राजा जनक, भगवान श्रीराम और माता सीता के चरण पड़े हैं। इसी भूमि पर मोहनदास करमचंद गांधी ने किसानों के संघर्ष का नेतृत्व करते हुए महात्मा का रूप धारण किया।
उन्होंने कहा कि आजादी से पहले चंपारण के किसानों के बेहतर जीवन को लेकर महात्मा गांधी ने जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार साकार करने की दिशा में काम कर रही है। चंपारण में किसानों की आय और जीवन स्तर बेहतर बनाने के लिए लगातार योजनाएं लागू की जा रही हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद राधामोहन सिंह, पश्चिम चंपारण सांसद डॉ. संजय जायसवाल, मंत्री केदार गुप्ता समेत एनडीए के विधायक और विधान पार्षद मौजूद रहे।



