
डॉ राकेश वर्मा
देहरादून: सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में 13 जून की देर शाम हुई BJP नेता विनोद कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने आज पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी फरार हैं।
परिजनों की नाराजगी के चलते पहले पोस्टमार्टम नहीं करवाया जा रहा था, लेकिन पुलिस के समझाने के बाद आज परिवार शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार हो गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
क्या था घटनाक्रम?
13 जून की शाम पानी के विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसियों के एक समुदाय के लोगों ने हथौड़े, लाठी-डंडे और बेलचे लेकर विनोद कश्यप के घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में विनोद कश्यप की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके भाई अशोक कश्यप, राजेश कश्यप और भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए।
विनोद कश्यप निजी स्कूल में शिक्षक थे और क्षेत्र में सक्रिय BJP नेता के रूप में पहचान रखते थे।
14 जून को सहसपुर कोतवाली पुलिस ने 12 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रविवार शाम तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। आज 15 जून को पांचवें आरोपी इम्तियाज (निवासी लखनवाला, सहसपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में मुख्य आरोपी मासूम के बेटे रज्जाक और जावेद के अलावा सलमान और शहबाज शामिल हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के दो घरों और दो दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया है। प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस पर पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी करने वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही है।
SSP प्रमेंद्र डोबाल ने बताया, “मृतक के परिजनों से बातचीत की गई, जिसके बाद वे पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। अब पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। पुलिस पर पथराव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों की मांगें और गुस्सा
परिवार ने मांग की है कि:
* पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए
* आर्थिक मदद मिले
* आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए
विनोद कश्यप की पत्नी ने दर्द भरे शब्दों में कहा, “अब मेरे बच्चों का भविष्य क्या होगा? कौन उन्हें पालेगा? तीन दिनों से मेरे बच्चे भूखे हैं। मुझे न्याय मिलना चाहिए।”
विनोद के पिता ने आरोप लगाया कि “प्लान बनाकर उनके बेटे को मारा गया है। जिन्होंने यह कृत्य किया है, उनका एनकाउंटर होना चाहिए।” उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की, क्योंकि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
क्षेत्र में तनाव कायम
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। गलियां सूनी पड़ी हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस तथा अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं। प्रदर्शनकारियों ने चकराता रोड पर जाम भी लगाया था।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा, “जो लोग गिरफ्तार हुए हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यह देवभूमि है, यहां ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री से मिलवाया जाएगा और हर संभव मदद की जाएगी।” पुलिस ने बाकी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है। जांच जारी है और मामले में और सख्ती बरती जा रही है। यह घटना क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव को बढ़ाने वाली साबित हो रही है, जिसके बाद प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।







