Main Slideउत्तराखंड

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को तेज धूप के बाद अचानक मौसम बदला और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं तापमान में भी तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।

राजधानी देहरादून में दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई थी, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। शाम के समय हल्की धूप निकलने के बाद एक बार फिर बादलों का डेरा जम गया और रुक-रुक कर बारिश होती रही।

पर्वतीय जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिला। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश दर्ज की गई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की सूचना भी मिली है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में मौसम खराब बना रह सकता है। विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से पहाड़ी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा से बचने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close