Main Slideउत्तराखंड

अचानक मसूरी पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कार्यकर्ताओं के साथ की गोपनीय बैठक

डॉ राकेश वर्मा

देहरादून/मसूरी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज अचानक उत्तराखंड के मसूरी पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उनका यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया था, जिसकी भनक कई बड़े नेताओं को भी नहीं लगी।

सोमवार को मसूरी में आयोजित इस बैठक में पार्टी संगठन की मजबूती, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति और मसूरी क्षेत्र के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को क्षेत्र की जमीनी स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में क्या-क्या चर्चा हुई?

नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया और संगठन की जमीनी हकीकत तथा जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता पर फीडबैक लिया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन लगातार सक्रिय है और आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया।
गणेश जोशी के नेतृत्व में विकास कार्यों की सराहना
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी के नेतृत्व में क्षेत्र में सड़क, पेयजल, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों की सराहना की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन कार्यों की जनता के बीच सकारात्मक चर्चा हो रही है।

नितिन नवीन ने विकास कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें 2027 में फिर से मसूरी आने का आग्रह भी किया।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। इसे आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के अचानक पहुंचने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। भाजपा के इस गोपनीय दौरे को संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति को और धारदार बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close