पाकिस्तान ने जीती वनडे सीरीज, बाबर की धीमी पारी के बावजूद ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया

पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। शाहीन अफरीदी की कप्तानी में मेजबान टीम ने तीसरे और निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराकर सीरीज पर कब्जा जमाया। हालांकि 158 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान के बल्लेबाजों को उम्मीद से कहीं ज्यादा संघर्ष करना पड़ा।
तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान ने 41.5 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। आसान माने जा रहे इस लक्ष्य का पीछा करते हुए पाक बल्लेबाजी दबाव में नजर आई और टीम को जीत के लिए अंत तक संघर्ष करना पड़ा।
अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम ने बेहद धीमी पारी खेली। उन्होंने 84 गेंदों पर सिर्फ 40 रन बनाए, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 50 से भी कम रहा। सलमान आगा ने 24 गेंदों पर 15 रन और अराफात मिन्हास ने 28 गेंदों पर 9 रन का योगदान दिया। एक समय पाकिस्तान की स्थिति भी मुश्किल नजर आ रही थी, लेकिन अब्दुल समद और शादाब खान ने सातवें विकेट के लिए 49 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। समद 18 और शादाब 29 रन बनाकर नाबाद लौटे।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश इंगलिस ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाए। उन्होंने 71 गेंदों की पारी में 8 चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा मार्नस लाबुशेन और एलेक्स कैरी ने 19-19 रन बनाए। एडम जम्पा ने 10 रन का योगदान दिया, जबकि बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने आखिरी सात विकेट मात्र 38 रन के भीतर गंवा दिए।
पाकिस्तान की गेंदबाजी में कप्तान शाहीन अफरीदी सबसे सफल रहे। उन्होंने तीन विकेट झटके, जबकि अबरार अहमद और शादाब खान ने दो-दो विकेट हासिल किए। पूरी वनडे सीरीज लो-स्कोरिंग मुकाबलों के लिए याद रखी जाएगी। पहले वनडे में पाकिस्तान ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी, जबकि दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 231 रन का बचाव करते हुए 41 रन से जीत हासिल कर सीरीज बराबर की थी।
सीरीज में पाकिस्तान के युवा ऑलराउंडर अराफात मिन्हास का प्रदर्शन सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। उन्होंने तीन मैचों में कुल 7 विकेट हासिल किए। पहले वनडे में डेब्यू करते हुए उन्होंने पांच विकेट लेकर शानदार शुरुआत की थी। पूरे सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।







