Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

कानपुर में कोचिंग संचालक की संदिग्ध मौत से सनसनी, संस्थान के भीतर खून से लथपथ मिला शव

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक कोचिंग संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी स्थित एक कोचिंग संस्थान में सोमवार सुबह संचालक का शव खून से लथपथ अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

कोचिंग सेंटर में ही रुके थे संचालक

मृतक की पहचान यशोदा नगर निवासी 47 वर्षीय प्रकाश चंद्र गुप्ता के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक दशक से डाटा एक्सपर्ट कोचिंग संस्थान की फ्रेंचाइजी संचालित कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम उन्होंने फोन पर बताया था कि आईपीएल फाइनल मुकाबला देखने के कारण वह रात को कोचिंग सेंटर में ही रुकेंगे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे।

छात्रों ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना

सोमवार सुबह जब छात्र-छात्राएं नियमित कक्षाओं के लिए कोचिंग पहुंचे तो संस्थान के भीतर प्रकाश चंद्र गुप्ता का शव पड़ा मिला। शव के आसपास खून फैला हुआ था, जिसे देखकर छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल डायल-112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में मृतक की आंख के ऊपर चोट का निशान मिला है। वहीं मुंह से खून निकलने के भी संकेत पाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों और कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक का पर्स और घड़ी मौके से सुरक्षित बरामद हुए हैं। पर्स में करीब 15 हजार रुपये नकद भी मिले हैं। ऐसे में शुरुआती जांच में लूटपाट की संभावना कम नजर आ रही है। हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक डायबिटीज के मरीज थे और शराब सेवन की भी जानकारी सामने आई है। उनका कई वर्ष पहले पत्नी से तलाक हो चुका था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

तीन टीमें जांच में जुटीं

मामले के खुलासे के लिए एसीपी कर्नलगंज चित्रांशु गौतम के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।  फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के कारणों पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close