Main Slideप्रदेशराजनीति

राबड़ी देवी के समर्थन में उतरे पप्पू यादव, बोले- मां समान हैं, उनका अपमान मत करिए

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड खाली करने के आदेश को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। भवन निर्माण विभाग की ओर से कई नोटिस जारी किए जाने के बावजूद राबड़ी देवी ने बंगला खाली करने से इनकार कर दिया है। हालांकि प्रशासन ने उन्हें आवास खाली करने के लिए 15 दिनों का अतिरिक्त समय दिया है। इसके बाद मामले में आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।

जानकारी के अनुसार 10 सर्कुलर रोड स्थित यह सरकारी आवास मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। वहीं राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है। इसके बावजूद उन्होंने अब तक पुराना बंगला खाली नहीं किया है। राबड़ी देवी वर्ष 2005 से इसी आवास में रह रही हैं। इस मुद्दे पर शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए राबड़ी देवी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “सरकार चाहे तो फोर्स बुला सकती है, लेकिन मैं यह आवास खाली नहीं करूंगी। अगर हटाना है तो फोर्स बुलाकर मेरा सामान बाहर फिंकवा दें।”

मामले में पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राबड़ी देवी को “मां समान” बताते हुए सरकार से आवास विवाद को संवेदनशीलता के साथ सुलझाने की अपील की। पप्पू यादव ने कहा कि सरकार संबंधित मंत्री को कोई अन्य आवास आवंटित कर सकती है और इस मामले को राजनीतिक प्रतिशोध का रूप नहीं दिया जाना चाहिए।

वहीं बिहार सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री Vijay Kumar Chaudhary ने स्पष्ट किया कि पूरी कार्रवाई नियमों और कानून के तहत की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून सभी नागरिकों के लिए समान है और प्रशासन किसी के साथ भेदभाव नहीं कर रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि अतिरिक्त समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और राबड़ी देवी का अगला रुख क्या रहता है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close