कौन बनेगा IPL 2026 का चैंपियन? आज RCB और गुजरात के बीच महामुकाबला

आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है और अब टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जंग में अपनी श्रेष्ठता साबित करने उतरेंगी। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।
हेड-टू-हेड में RCB का पलड़ा भारी
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक नौ मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से पांच में RCB ने जीत दर्ज की है। अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम दोनों टीमों के लिए खास रहा है। RCB ने पिछले सीजन इसी मैदान पर पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था, जबकि गुजरात टाइटन्स ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में इसी मैदान पर राजस्थान रॉयल्स को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
फाइनल में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें
गुजरात टाइटन्स को पहले क्वालिफायर में RCB के खिलाफ 92 रन की बड़ी हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन टीम ने क्वालिफायर-2 में शानदार वापसी करते हुए राजस्थान को हराया। कप्तान शुभमन गिल की शतकीय पारी ने टीम के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा दी है। दूसरी ओर, RCB के कप्तान रजत पाटीदार शानदार फॉर्म में हैं। पहले क्वालिफायर में उन्होंने मात्र 33 गेंदों में 93 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। ऐसे में गुजरात के गेंदबाजों के सामने उन्हें जल्दी आउट करने की चुनौती होगी।
फाइनल में मुकाबले का सबसे दिलचस्प पहलू गुजरात के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और साई सुदर्शन बनाम RCB के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की भिड़ंत मानी जा रही है। गिल और सुदर्शन इस सीजन की सबसे सफल ओपनिंग जोड़ी रहे हैं और उनकी शुरुआत मैच का रुख तय कर सकती है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु:
वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार।
गुजरात टाइटन्स:
साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
मौसम और पिच रिपोर्ट
मौसम विभाग और उपलब्ध पूर्वानुमानों के अनुसार फाइनल मुकाबले में बारिश की संभावना बेहद कम है। अहमदाबाद में दिन के समय तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि शाम को भी गर्मी का असर बना रहेगा। नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। लाल मिट्टी की सतह होने के कारण गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है, जिससे बड़े शॉट खेलने में आसानी होती है। ऐसे में फाइनल में दर्शकों को एक हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।







