KKR vs GT: ईडन गार्डन्स में आज प्लेऑफ की जंग, जीत से गुजरात की जगह पक्की करने पर नजर

IPL 2026 अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है, जहां हर मुकाबला प्लेऑफ की तस्वीर बदल रहा है। 16 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में तीन बार की चैंपियन KKR का सामना 2022 की विजेता गुजरात टाइटंस से होगा। एक तरफ कोलकाता नाइट राइडर्स प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी, वहीं गुजरात टाइटंस जीत के साथ आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी।
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली KKR के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। टीम का यह सीजन उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। शुरुआती छह मुकाबलों में जीत का खाता नहीं खुलने के बाद टीम लगभग प्लेऑफ की दौड़ से बाहर मानी जा रही थी। हालांकि इसके बाद कोलकाता ने शानदार वापसी करते हुए लगातार चार मैच जीतकर फिर से उम्मीदें जगा दीं। लेकिन पिछले मैच में RCB के खिलाफ मिली हार ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फिलहाल KKR 11 मैचों में 9 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए टीम को अब अपने बाकी सभी मुकाबले जीतने होंगे। इसके बाद नेट रन रेट और अन्य टीमों के नतीजे तय करेंगे कि कोलकाता टॉप-4 में जगह बना पाती है या नहीं।
दूसरी ओर शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस शानदार लय में नजर आ रही है। टीम लगातार पांच मुकाबले जीत चुकी है और 12 मैचों में 16 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। अगर गुजरात आज KKR को हराने में सफल रहती है, तो वह IPL 2026 प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन जाएगी। साथ ही टीम अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर भी पहुंच सकती है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड में भी गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक छह मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात ने चार मैच जीते हैं, जबकि KKR को सिर्फ एक जीत मिली है। एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। खास बात यह है कि KKR ने गुजरात के खिलाफ अपनी आखिरी जीत अप्रैल 2023 में दर्ज की थी। इसके बाद से गुजरात लगातार दबदबा बनाए हुए है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ईडन गार्डन्स में KKR वापसी करती है या गुजरात टाइटंस अपनी जीत की लय कायम रखते हुए प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लेती है।







