ट्रेन लेट हुई तो छूटने वाली थी परीक्षा, DRM ने खोला स्पेशल कोच का दरवाजा, 40 से अधिक छात्रों को समय पर पहुंचाया

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर से रेलवे की संवेदनशीलता की मिसाल पेश करने वाली खबर सामने आई है। ट्रेन के करीब 1 घंटे 24 मिनट लेट होने के कारण 40 से ज्यादा परीक्षार्थियों के सामने परीक्षा छूटने का खतरा मंडरा रहा था। इसी दौरान सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम अमित सरन ने उनकी परेशानी समझी और अपने स्पेशल इंस्पेक्शन कोच से छात्रों को परीक्षा केंद्र के रास्ते तक पहुंचाने में मदद की।
ट्रेन लेट हुई तो बढ़ी परीक्षार्थियों की चिंता
बुधवार को शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में स्नातक परीक्षार्थी दलसिंहसराय स्थित परीक्षा केंद्र जाने के लिए 75246 डाउन पैसेंजर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। ट्रेन का निर्धारित समय सुबह 7:57 बजे था, लेकिन वह करीब एक घंटा 24 मिनट की देरी से चल रही थी। समय बीतने के साथ परीक्षार्थियों की चिंता बढ़ती गई। उन्हें डर था कि ट्रेन की देरी के कारण वे समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाएंगे और उनकी परीक्षा छूट सकती है।
डीआरएम ने सुनी छात्रों की परेशानी
इसी दौरान शाहपुर पटोरी स्टेशन पर सोनपुर रेल मंडल के डीआरएम अमित सरन अपने स्पेशल इंस्पेक्शन कोच के साथ पहुंचे। स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद उनकी नजर परेशान परीक्षार्थियों पर पड़ी। छात्रों ने डीआरएम को बताया कि पैसेंजर ट्रेन की देरी के कारण वे समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाएंगे। उनकी समस्या सुनने के बाद डीआरएम ने तुरंत मदद का फैसला लिया।
स्पेशल कोच से विद्यापति धाम तक पहुंचाया
डीआरएम अमित सरन ने 40 से अधिक छात्र-छात्राओं को अपने स्पेशल इंस्पेक्शन कोच में सवार होने की अनुमति दी। इसके बाद सभी परीक्षार्थियों को स्पेशल कोच से विद्यापति धाम स्टेशन तक पहुंचाया गया। वहां से छात्र-छात्राएं सड़क मार्ग से अपने परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुए और समय रहते परीक्षा केंद्र पहुंचने में सफल रहे।
छात्रों और परिजनों ने की डीआरएम की तारीफ
डीआरएम की इस पहल से परीक्षार्थी और उनके परिजन काफी खुश हैं। छात्रों ने कहा कि अगर डीआरएम ने समय रहते उनकी मदद नहीं की होती, तो कई परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट सकती थी। एक परीक्षार्थी ने बताया कि पैसेंजर ट्रेन की देरी से परीक्षा छूटने की चिंता थी, लेकिन डीआरएम ने उनकी परेशानी समझी और स्पेशल कोच से आगे पहुंचाने में मदद की। छात्रों ने डीआरएम अमित सरन के इस कदम की जमकर सराहना की।







