Main Slideराजनीति

बंगाल में 9 मई को शपथ लेगी नई सरकार, सीएम चेहरे पर सस्पेंस बरकरार

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद नई सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख तय कर दी गई है। 9 मई को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। यह जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने दी। खास बात यह है कि इसी दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह तारीख चुनी गई है।

इसी बीच मुख्यमंत्री के नाम को लेकर आज दिल्ली में पार्टी की अहम बैठक होने जा रही है। बंगाल संगठन प्रभारी सुनील बंसल ने बताया कि मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा के लिए वे दिल्ली जा रहे हैं। इस बैठक में कई वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं और शुभेंदु अधिकारी के भी दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

बंगाल में ऐतिहासिक जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इस पद की दौड़ में कई नाम सामने आ रहे हैं। भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। उन्होंने करीब 15 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। इससे पहले भी वह नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हरा चुके हैं। शुभेंदु अधिकारी के अलावा दिलीप घोष, समिक भट्टाचार्य, अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली जैसे नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं। अब देखना होगा कि पार्टी इनमें से किसे जिम्मेदारी देती है या किसी नए चेहरे पर दांव लगाती है।

चुनाव नतीजों की बात करें तो पश्चिम बंगाल की 293 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने 206 सीटों पर जीत दर्ज कर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 81 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस को 2 सीटें मिलीं, जबकि आम जनता उन्नयन पार्टी को भी 2 सीटों पर जीत हासिल हुई। इसके अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और एआईएसएफ को एक-एक सीट मिली है। फाल्टा सीट पर पुनर्मतदान 21 मई को होना है, जिसके नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे। कुल मिलाकर, बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब सबकी नजरें नए मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close