बारामती उपचुनाव में सुनेत्रा पवार की रिकॉर्ड जीत, 2 लाख से ज्यादा वोटों से विपक्ष साफ

महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सुनेत्रा पवार ने 2 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ उन्होंने राज्य में बड़े अंतर से जीत के पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। उनके खिलाफ कुल 22 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन किसी भी बड़े दल के प्रत्याशी की अनुपस्थिति का असर साफ दिखाई दिया और सभी विपक्षी उम्मीदवार बेहद कम वोटों पर सिमट गए।
चुनाव परिणामों के अनुसार, दूसरे स्थान पर न्यू राष्ट्रीय समाज पार्टी के प्रोफेसर आर.वाई. गुटुकडे सर रहे, जिन्हें मात्र 935 वोट मिले। 774 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना, जो 21 उम्मीदवारों को मिले वोटों से भी ज्यादा रहा। तीसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार विराज महादेव शिंदे रहे, जिन्हें 533 वोट मिले। इनके अलावा कोई भी उम्मीदवार 500 का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
चौंकाने वाली बात यह रही कि 11 उम्मीदवार ऐसे थे, जिन्हें 100 वोट भी नहीं मिले। इनमें एडवोकेट अविनाश गायकवाड़ को 92, साजन भगवान को 85, रोहित राजू भोसले को 70, बालासो मारुति धपाटे को 57, योगेश मोहन को 50, सतीश नाना सोनावने को 48, गजानन पाटिल को 47, सागर भिषे और सीताराम विट्ठल को 45-45, दत्तात्रेय बेडारे को 43 और चंद्रकांत रंभाजी मोती को 42 वोट मिले।
महाराष्ट्र में हुए उपचुनाव में दो सीटों पर मतदान हुआ था और दोनों ही सीटों पर महायुति गठबंधन के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। बारामती में सुनेत्रा पवार ने बाजी मारी, जबकि राहुरी सीट पर भारतीय जनता पार्टी के अक्षय शिवाजीराव करढिले ने 1,12,587 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें कुल 1,40,093 वोट मिले, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के मोकाते गोविंद खांडू 27,506 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कुल मिलाकर, इन नतीजों ने महाराष्ट्र की राजनीति में महायुति की मजबूत स्थिति को एक बार फिर साबित कर दिया है।







