Main Slideप्रदेशराजनीति

“यूपी चुनाव में अखिलेश यादव हो जाएंगे खत्म” – सुवेंदु अधिकारी का बड़ा हमला

कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी जीत दर्ज करने के बाद सुवेंदु अधिकारी काफी उत्साहित नजर आए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आने वाले उत्तर प्रदेश चुनाव में अखिलेश यादव राजनीतिक रूप से खत्म हो जाएंगे। इस चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर—दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत हासिल की। भवानीपुर सीट पर उनका मुकाबला ममता बनर्जी से था, जिन्हें उन्होंने करीब 15 हजार वोटों के अंतर से हराया।

अपनी जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि चुनाव के दौरान विरोधी दलों ने कई तरह के आरोप लगाए, लेकिन अंत में जनता ने अपना फैसला साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि हार के बाद बयान देना आसान होता है, लेकिन जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कई विपक्षी नेता पहले ही अपनी राजनीतिक जमीन खो चुके हैं।

वोटिंग को लेकर उन्होंने दावा किया कि उन्हें विभिन्न वर्गों का समर्थन मिला। उनके मुताबिक, हिंदू मतदाताओं ने एकजुट होकर उन्हें वोट दिया, साथ ही वामपंथी दलों के कुछ वोट भी उनके पक्ष में आए। उन्होंने कहा कि कई ऐसे मतदाता, जिन्होंने पहले अन्य दलों को मौका दिया था, इस बार उनके साथ खड़े नजर आए।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार पश्चिम बंगाल की 293 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने 206 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 81 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस को 2 सीटें मिलीं, जबकि आम जनता उन्नयन पार्टी को भी 2 सीटों पर जीत मिली। इसके अलावा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और एआईएसएफ को एक-एक सीट पर सफलता मिली। कुल मिलाकर, पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और इसका असर अब दूसरे राज्यों की राजनीति पर भी साफ नजर आने लगा है

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close