लखीमपुर-खीरी में सीएम योगी की बड़ी घोषणाएं, मियांपुर का नाम बदलकर ‘रविंद्रनगर’ करने का ऐलान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर-खीरी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने खीरी जिले के मियांपुर गांव का नाम बदलकर रविंद्रनगर करने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि पहले की सरकारों ने गांव की पहचान छिपाने के लिए इसका नाम मियांपुर रखा था, जबकि वहां कोई मियां नहीं था।
मुख्यमंत्री ने माफियाओं को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि माफिया पहले ही मिट्टी में मिल चुके हैं और अगर कोई दोबारा माफिया बनने की कोशिश करेगा, तो उसे भी उसी अंजाम के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि अब लखीमपुर-खीरी में कोई माफिया पनप नहीं सकता और किसी को भी गरीबों के हक या युवाओं के रोजगार पर डकैती डालने नहीं दी जाएगी।
सीएम योगी ने सामाजिक न्याय पर जोर देते हुए कहा कि सरकार दलित और वंचित वर्गों को सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि भीमराव अंबेडकर, संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि की मूर्तियों के आसपास बाउंड्री वॉल और छत्र निर्माण के लिए सरकार ने धनराशि उपलब्ध कराई है। कार्यक्रम में ज्योतिबा फुले की जयंती का भी उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य सरकार कर रही है। साथ ही महाराणा प्रताप और महाराणा सांगा के वंशजों को सम्मान दिलाने की बात भी कही।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बदल चुका है और “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” की जगह “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट” जैसी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि लखीमपुर-खीरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हो चुकी है और थारू जनजाति के उत्पादों को भी पहचान दिलाई जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार “वन डिस्ट्रिक्ट-वन व्यंजन” की दिशा में भी काम कर रही है, जिससे स्थानीय व्यंजनों को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाई जा सके। किसानों के मुद्दे पर सीएम ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को लाभ पहुंचा रही है। साथ ही एमएसपी का लाभ, ट्यूबवेल के लिए मुफ्त कनेक्शन और बिजली बिल माफी जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी कार्य संवेदनशील सरकार की पहचान हैं।







