गाने ‘टटीरी’ विवाद में रैपर बादशाह ने मांगी माफी, 50 लड़कियों की शिक्षा का उठाया जिम्मा

बॉलीवुड सिंगर और रैपर Badshah हाल ही में अपने गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में घिर गए थे। गाना रिलीज होते ही इसकी जमकर आलोचना हुई, जिसके बाद हरियाणा महिला आयोग ने भी इस पर संज्ञान लिया। बढ़ते विवाद के बीच बादशाह ने गाना डिलीट कर दिया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। अब इस मामले में नया मोड़ आया है। मंगलवार को बादशाह ने National Commission for Women के सामने पेश होकर अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी। उन्होंने यह भी वादा किया कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे।
बादशाह ने आयोग के सामने यह घोषणा भी की कि वे 50 लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने अगले चार महीनों के भीतर महिलाओं के सशक्तीकरण और उनकी बेहतरी पर आधारित एक नया गाना बनाने का भी संकल्प लिया। इससे पहले भी बादशाह सोशल मीडिया के जरिए माफी मांग चुके थे और विवादित गाने को हटा दिया था।
अगर पूरे मामले की बात करें तो कुछ दिन पहले रिलीज हुए ‘टटीरी’ गाने में स्कूल ड्रेस पहनी छोटी बच्चियों को आपत्तिजनक तरीके से पेश किया गया था। इसके साथ ही गाने में दिखाए गए डांस स्टेप्स को लेकर भी लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर हरियाणा महिला आयोग ने कार्रवाई की और बाद में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले को संज्ञान में लिया। फिलहाल बादशाह की माफी और सामाजिक जिम्मेदारी लेने के ऐलान के बाद यह मामला शांत होता नजर आ रहा है, हालांकि इससे पहले भी उनके कई गाने विवादों में रह चुके हैं।






