आम आदमी पार्टी का बड़ा फैसला: राघव चड्ढा उपनेता पद से हटे, अशोक मित्तल बने नए उपनेता

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्यसभा में अहम बदलाव करते हुए सांसद राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटा दिया है। उनकी जगह पार्टी ने सांसद अशोक मित्तल को नया उपनेता नियुक्त किया है। पार्टी ने इस संबंध में राज्यसभा सचिवालय को पत्र भेजकर आधिकारिक जानकारी दी है। हाल के दिनों में राघव चड्ढा राज्यसभा में कई जनहित से जुड़े मुद्दे उठा रहे थे, जिनमें गिग वर्कर्स और महंगाई जैसे विषय शामिल थे। इन मुद्दों को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर भी समर्थन मिल रहा था।
अशोक मित्तल Lovely Professional University के संस्थापक हैं और अब वे राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के उपनेता के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी की ओर से उम्मीद जताई गई है कि वे सदन में पार्टी का पक्ष प्रभावी ढंग से रखेंगे। इस फैसले के पीछे पार्टी के भीतर की परिस्थितियों को भी एक कारण माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक तौर पर विस्तृत वजह सामने नहीं आई है। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा रही है कि हाल के समय में पार्टी के भीतर कुछ मतभेद उभरे थे, जिसके बाद यह बदलाव किया गया।







