पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, दिल्ली-एनसीआर समेत 21 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

नई दिल्ली। देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी तेज हवाओं, धूल भरी आंधी, गरज-चमक और बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। कई राज्यों में बादल छाए हुए हैं, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 19 से 22 मार्च 2026 के बीच 21 राज्यों में आंधी-बारिश और 6 राज्यों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। 20 मार्च को मौसम के अधिक गंभीर रहने की संभावना जताई गई है, जिसमें तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिर सकते हैं।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, उत्तर भारत में बिगड़े हालात
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 24 घंटे में उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिलेगी। साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के ओडिशा, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दक्षिण भारत के कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और अंडमान-निकोबार में भी मौसम खराब रहने के संकेत हैं।
दिल्ली-एनसीआर में राहत भरा मौसम
दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी मौसम सुहावना बना रहेगा। अगले दो दिनों तक 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा समेत कई जिलों में 20 मार्च को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। बिहार के पटना, गया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर सहित कई जिलों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में भी असर
राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग में अगले दो दिन तेज आंधी और बारिश की संभावना है। इस दौरान ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। हरियाणा के हिसार, भिवानी, नारनौल, चरखी दादरी समेत कई जिलों में बारिश और आंधी के आसार हैं। वहीं पंजाब के चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला सहित कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और अलर्ट
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में मौसम सक्रिय रहेगा। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, कुल्लू, शिमला, चंबा और कांगड़ा में 24 मार्च तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान है, जहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कुल मिलाकर देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, हालांकि आंधी, ओलावृष्टि और बिजली गिरने से सतर्क रहने की जरूरत है।







