जेपी नड्डा की एम्स में एंजियोप्लास्टी, कार्डियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की निगरानी जारी

नई दिल्ली| केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की एम्स में एंजियोप्लास्टी की गई है। अस्पताल की ओर से मंगलवार को जारी जानकारी के मुताबिक, 17 अगस्त को उनकी एंजियोप्लास्टी हुई। इसके बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
13 अगस्त को एम्स में हुए थे भर्ती
जेपी नड्डा को 13 अगस्त की शाम बेचैनी की शिकायत के बाद दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनकी कई चिकित्सकीय जांच की गई थीं। इनमें कोरोनरी एंजियोग्राफी भी शामिल थी। इसके बाद उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी में रखा गया था।
डॉक्टर लगातार रख रहे नजर
एम्स के मुताबिक, एंजियोप्लास्टी के बाद नड्डा की स्थिति फिलहाल स्थिर है। कार्डियोलॉजी विभाग की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है और उनका इलाज जारी है।
अस्पताल ने फिलहाल उनकी एंजियोप्लास्टी से जुड़ी विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी साझा नहीं की है। नड्डा को अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी, इसको लेकर भी अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।







