बांग्लादेश से वनडे सीरीज हारने के बाद शाहीन अफरीदी बोले, रिशाद हुसैन की स्पिन ने हमसे मैच छीन लिया

नई दिल्ली। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज में पाकिस्तान को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान की टीम सीरीज में केवल दूसरा मुकाबला जीत सकी, जबकि पहले और तीसरे वनडे में बांग्लादेश ने उसे मात दे दी। सीरीज हारने के बाद पाकिस्तान के वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने हार की वजह बताते हुए बांग्लादेश के स्पिनर रिशाद हुसैन की गेंदबाजी की जमकर तारीफ की।
तीसरे वनडे के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में शाहीन अफरीदी ने कहा कि शुरुआती विकेट गिरना टीम के लिए महंगा साबित हुआ। हालांकि उन्होंने अपनी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अंत तक लड़ाई जारी रखी। उन्होंने कहा कि टीम में कई युवा खिलाड़ी पहली बार वनडे खेलने आए थे और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। जैसे-जैसे उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव मिलेगा, वे तीनों विभागों में और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
सलमान अली आगा की पारी की तारीफ
शाहीन अफरीदी ने सलमान अली आगा की शतकीय पारी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सलमान हमेशा से एक बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं और टेस्ट तथा वनडे दोनों में मिडिल ऑर्डर में टीम के लिए अहम भूमिका निभाते हैं। उन्हें स्पिन और तेज गेंदबाजों को खेलने में काफी महारत हासिल है और उन्होंने पाकिस्तान के लिए कई महत्वपूर्ण पारियां खेली हैं।
रिशाद हुसैन को बताया बेहतरीन लेग स्पिनर
कप्तान शाहीन ने कहा कि बांग्लादेश के स्पिनर रिशाद हुसैन ने शानदार गेंदबाजी की और उनका प्रदर्शन मैच के नतीजे पर भारी पड़ा। उन्होंने रिशाद को बेहतरीन लेग स्पिनरों में से एक बताते हुए बांग्लादेश टीम को सीरीज जीतने के लिए बधाई दी।
ऐसा रहा तीसरा वनडे
तीसरे वनडे मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में पांच विकेट पर 290 रन बनाए। टीम की ओर से तंजीद हसन तमीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 107 गेंदों में 107 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 50 ओवर में 279 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से सलमान अली आगा ने 98 गेंदों में 106 रन की शतकीय पारी खेली, लेकिन उनकी यह पारी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रही। बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद ने सबसे ज्यादा चार विकेट हासिल किए।







