Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

बिजनौर में CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले – ‘उन्हें जिन्ना पसंद, हमें गन्ना’, कानून-व्यवस्था पर भी गिनाईं उपलब्धियां

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में आयोजित एक जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए अपनी सरकार की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब दंगा, कर्फ्यू और माफिया से मुक्त हो चुका है, जिसके कारण कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा और रामनवमी की शोभायात्राएं शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से आयोजित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान अपराध और अराजकता का माहौल था, जबकि वर्तमान सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में बेटियां, व्यापारी और किसान खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं और बिना डर के अपना काम कर रहे हैं।

जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “जो समाज को बांटने की राजनीति करते हैं, उन्हें जिन्ना पसंद हैं और हमें गन्ना पसंद है। इसलिए हमारी सरकार ने गन्ने का मूल्य बढ़ाया और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले किसानों को गन्ना भुगतान के लिए कई-कई वर्षों तक इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने इस व्यवस्था में सुधार किया है और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने बिजनौर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में सड़क, रेलवे और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। साथ ही नगीना के लकड़ी शिल्प उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कारीगरों ने अपनी कला से देश-दुनिया में अलग पहचान बनाई है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब विकास योजनाएं केवल लखनऊ में बैठकर तय नहीं होतीं, बल्कि स्थानीय सांसद और विधायक क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करते हैं और राज्य सरकार उनके लिए बजट उपलब्ध कराती है।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकार में जनता की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय शासन व्यवस्था आम लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं कर रही थी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close