Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

दो करोड़ की ठगी के आरोपी को महिला ने कार में घुसकर जड़े नौ थप्पड़, वीडियो वायरल

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र में ठगी के एक बड़े मामले ने सनसनी फैला दी है। यहां एक महिला ने कथित ठग को कार में घुसकर जमकर पीटा और एक के बाद एक नौ थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, चकेरी निवासी कृष्ण प्रकाश सिंघानिया पर निवेश, लोन, प्लॉट, कार और शेयर मार्केट के नाम पर करीब 35 लोगों से दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है। शनिवार शाम लाल बंगला क्षेत्र में जब पीड़ितों ने उसे घेर लिया तो हंगामा खड़ा हो गया।

गाड़ी रोककर पीड़ितों ने मांगे रुपये

बताया जा रहा है कि आरोपी ने लोगों को पैसे लौटाने का भरोसा देकर लाल बंगला इलाके में बुलाया था। इसी दौरान जब वह अपनी कार से वहां से गुजर रहा था तो कुछ पीड़ितों ने उसकी गाड़ी रोक ली और अपने पैसे वापस मांगने लगे। इस पर आरोपी ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया, जिससे माहौल और गर्म हो गया।

महिला ने गुस्से में बरसाए थप्पड़

मौके पर मौजूद एक महिला अचानक गुस्से में कार के अंदर घुस गई और आरोपी को लगातार थप्पड़ मारने लगी। वीडियो में महिला यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि आरोपी ने उसके पिता के खाते से 20 लाख रुपये निकलवा लिए हैं। महिला ने उससे पूछा कि उसे इस तरह लोगों की मेहनत की कमाई हड़पते समय शर्म नहीं आई। इस दौरान आसपास खड़े लोग महिला को शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह आरोपी को सबक सिखाने पर अड़ी रही।

एक साल से लोगों को बना रहा था शिकार

आरोप है कि कृष्ण प्रकाश सिंघानिया पिछले करीब एक साल से लोगों को लोन दिलाने, जमीन और प्लॉट खरीदवाने, व्यापार में निवेश कराने और शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर पैसे लेता था। इसके बाद वह रकम वापस नहीं करता था। करीब छह महीने से वह फरार भी चल रहा था।

पैसे मांगने पर वह पीड़ितों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देता था। आरोपी के पकड़े जाने की खबर मिलते ही रविवार दोपहर करीब 12 पीड़ित चकेरी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पीड़ितों में रवि प्रकाश, विपिन, शारदा, समरीन फातिमा, संगिता मिश्रा और शनि दीक्षित समेत कई लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कुल 35 से अधिक लोग ठगी का शिकार हुए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close