Main Slideखेल

द हंड्रेड ऑक्शन में अबरार अहमद की बड़ी डील, IPL से जुड़ी फ्रेंचाइजी ने खरीदा

इंग्लैंड की 100 गेंदों की लीग द हंड्रेड के ऑक्शन में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने खरीदकर अपनी टीम में शामिल कर लिया। इस डील के बाद इंग्लिश मीडिया में चल रही उन खबरों पर भी सवाल खड़े हो गए, जिनमें दावा किया गया था कि IPL से जुड़े फ्रेंचाइजी मालिक पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदेंगे।

अबरार अहमद को सनराइजर्स लीड्स ने 1,90,000 पाउंड यानी लगभग 2.34 करोड़ रुपये में खरीदा। यह फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ग्रुप के स्वामित्व में है, जिसकी सह-मालकिन काव्या मारन हैं। ऑक्शन से पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि IPL से जुड़ी टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को टीम में शामिल नहीं करेंगी। इन खबरों के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड को भी इस मामले में बयान जारी करना पड़ा था।

इससे पहले पाकिस्तान के एक और मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक ऑक्शन में बिकने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बने। उन्हें बर्मिंघम फीनिक्स ने 1,40,000 पाउंड यानी करीब 1.72 करोड़ रुपये में खरीदा। हालांकि ऑक्शन के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा अबरार अहमद की डील की रही, क्योंकि उन्हें खरीदने के लिए ट्रेंट रॉकेट्स और सनराइजर्स लीड्स के बीच कड़ी बोली लगी, जिसमें अंततः सनराइजर्स लीड्स ने बाजी मार ली।

ऑक्शन से पहले BBC की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि जिन फ्रेंचाइजी मालिकों के पास IPL की टीमें हैं, वे पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नहीं खरीदेंगे। द हंड्रेड की आठ टीमों में से चार टीमें ऐसे समूहों के स्वामित्व में हैं, जिनका संबंध आईपीएल से भी है। इनमें MI लंदन, सनराइजर्स लीड्स, साउदर्न ब्रेव और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स शामिल हैं। लेकिन अबरार अहमद को खरीदकर सनराइजर्स लीड्स ने इन अटकलों को गलत साबित कर दिया।

हालांकि द हंड्रेड के इस ऑक्शन में पाकिस्तान के कई बड़े खिलाड़ियों को अभी तक कोई खरीदार नहीं मिला है। इनमें तेज गेंदबाज हारिस राउफ, ऑलराउंडर शादाब खान और युवा बल्लेबाज सैम अयूब शामिल हैं। वहीं पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने ऑक्शन शुरू होने से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close