Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

कुशीनगर में युवती से गैंगरेप, नशीला पदार्थ खिलाकर रातभर गन्ने के खेत में किया दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में 21 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि देर शाम शौच के लिए घर से बाहर निकली युवती को गांव के दो युवकों ने जबरन पकड़ लिया और उसका अपहरण कर पास के गन्ने के खेत में ले गए।

पीड़िता के परिजनों के मुताबिक आरोपियों ने युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ पूरी रात दुष्कर्म किया। युवती रातभर खेत में बेहोशी और दर्द की हालत में पड़ी रही। सुबह होश आने पर वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना की खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

घटना के बाद परिजनों ने पीड़िता को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

पीड़िता के पिता ने पुलिस से न्याय की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस घटना से गांव में डर का माहौल बन गया है और बेटियां सुरक्षित नहीं महसूस कर रही हैं।

मामले की जानकारी मिलते ही विशुनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी अक्षय यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीओ तमकुहीराज जयंत यादव ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close