Main Slideराष्ट्रीय

दिल्ली को मिला नया उपराज्यपाल, तरनजीत सिंह संधू को सौंपी गई जिम्मेदारी

दिल्ली को नया उपराज्यपाल मिल गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से गुरुवार को जारी घोषणा के अनुसार, पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह मौजूदा उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति को बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

अमेरिका में निभाई अहम भूमिका

तरनजीत सिंह संधू भारतीय विदेश सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं। अपने लंबे कूटनीतिक करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। वह दो बार वॉशिंगटन डीसी स्थित भारतीय मिशन में तैनात रहे, जहां उन्होंने भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।

श्रीलंका में रहे भारत के उच्चायुक्त

संधू ने श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त के रूप में भी काम किया। उन्होंने जनवरी 2017 से 2020 तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले वह कोलंबो स्थित हाई कमीशन ऑफ इंडिया में दिसंबर 2000 से सितंबर 2004 तक पॉलिटिकल विंग के प्रमुख भी रहे। उनके कार्यकाल में भारत और श्रीलंका के बीच रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के कई प्रयास किए गए।

2024 में लड़ा था लोकसभा चुनाव

राजनयिक सेवा से अलग होने के बाद तरनजीत सिंह संधू राजनीति में भी सक्रिय हुए। उन्होंने साल 2024 में अमृतसर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

दिल्ली प्रशासन में निभाएंगे अहम भूमिका

अब दिल्ली के उपराज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति को उनके व्यापक प्रशासनिक और कूटनीतिक अनुभव के नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि वह केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close