खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों के लिए 24×7 हेल्पलाइन जारी, सीएम भगवंत मान ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा

भगवंत मान ने इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के बाद प्रभावित पश्चिम एशियाई देशों में फंसे पंजाबियों की सहायता के लिए 24 घंटे संचालित होने वाली हेल्पलाइन जारी करने की घोषणा की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर प्रभावित व्यक्ति को हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फंसे हुए लोगों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में है। उन्होंने बताया कि संघर्षग्रस्त क्षेत्रों में रह रहे कई पंजाबी गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं और राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 0172-2260042 और 0172-2260043 हैं। इसके अलावा +91 94787 79112 पर व्हाट्सऐप के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हर आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
खाड़ी देशों में फंसे युवाओं और छात्रों के परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय धैर्य और समन्वय का है, और सरकार किसी भी पंजाबी को असहाय नहीं छोड़ेगी।
एनआरआई मामलों के मंत्री रावजोत सिंह ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है और सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि मध्य एशिया से भी कॉल प्राप्त हो रही हैं, जिनमें अधिकतर पंजाबी पर्यटक शामिल हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से शीघ्र सहयोग की अपील की।
इस बीच अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एनआरआई विंग) आर.के. जायसवाल की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है, जो प्रभावित लोगों के डेटा एकत्र कर आपात योजनाओं पर काम कर रही है। मंत्री ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के आपसी सहयोग से राहत कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विदेशों में रह रहे पंजाबियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। इस बीच भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दाल ने भी प्रभावित देशों में फंसे लोगों के लिए अपने स्तर पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।







