बहराइच में शख्स ने मां-बाप, दादी, बहन की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या, इस वजह से बन गया हैवान

बहराइच। यूपी के बहराइच से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने पिता द्वारा बेची गई जमीन व गहने के पैसे न मिलने पर अपने मां-बाप, दादी व बहन की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान बीच-बचाव करने आए बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
रुपईडीहा इलाके के बसंतपुर रुदल में रात करीब 12:30 बजे जब पूरा गांव गहरी नींद में था, तब गांव निवासी बदलूराम के घर से उठी चीख-पुकार ने सन्नाटे को चीर दिया। बदलूराम का बेटा निरंकार पिता द्वारा बेची गई जमीन व गहने का पैसा न देने की बात को लेकर विवाद कर रहा था। बात इतनी बढ़ गई कि निरंकार अपना आपा खो बैठा और पास में रखी कुल्हाड़ी से पिता पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
बदलूराम को बचाने दौड़े उसकी 56 वर्षीय पत्नी संजू देवी, बेटी पार्वती व 80 वर्षीय मां सिताला को भी कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। रात में शोर शराबा सुन गांव के ग्रामीण बदलूराम के घर पहुंचे तो देखा कि आंगन में चार लार लाशें बिछी हुई हैं। खुद को ग्रामीणों से घिरा देख निरंकार ने भी अपने सिर पर ईंट से हमला कर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे बचा लिया।
पुलिस ने निरंकार को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटनास्थल का पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह ने निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डीपी तिवारी ने बताया कि फोरेन्सिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही है।







