Main Slideमनोरंजन

14 साल बाद अक्षय – प्रियदर्शन की जोड़ी वापसी को तैयार: ‘भूत बंगला’ से हॉरर-कॉमेडी में धमाकेदार एंट्री

भूत बंगला 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और फिल्म का प्रमोशन जोर-शोर से शुरू हो चुका है। हाल ही में अक्षय कुमार अपनी को-स्टार वामिका गब्बी के साथ नासिक पहुंचे, जहां दोनों ने फिल्म का प्रचार किया। वामिका ने अपनी इस यात्रा की झलकियां सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि प्रमोशन का पहला दिन शुरू हो चुका है और दर्शकों की शुभकामनाओं की जरूरत है।

फिल्म का हालिया रिलीज हुआ गाना ‘रामजी भला करेंगे’ दर्शकों के बीच चर्चा में है। गाने में हॉरर-कॉमेडी का अंदाज देखने को मिला है और अक्षय कुमार अपने पुराने कॉमिक स्टाइल में नजर आ रहे हैं। रिलीज के कुछ ही दिनों में गाने को करोड़ों व्यूज मिल चुके हैं, जिससे फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है।

यह फिल्म कई मायनों में खास है। पहली बार अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की ऑन-स्क्रीन जोड़ी देखने को मिलेगी। साथ ही, करीब 14 साल बाद अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी फिर से साथ काम कर रही है। इससे पहले दोनों ने भूल भुलैया और हेरा फेरी जैसी यादगार फिल्में दी थीं, जिन्होंने कॉमेडी और हॉरर-कॉमेडी जॉनर में अलग पहचान बनाई।

फिल्म में तब्बू, परेश रावल, मनोज जोशी और मिथुन जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। पिछले कुछ वर्षों से अक्षय कुमार देशभक्ति और सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों में दिखाई दे रहे थे, लेकिन ‘भूत बंगला’ के जरिए वह एक बार फिर मनोरंजन से भरपूर अंदाज में वापसी कर रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर वही जादू चला पाती है या नहीं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close