Main Slideमनोरंजन

रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, पुणे से पांच संदिग्ध हिरासत में

मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी के आवास के बाहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, इस घटना में रोहित शेट्टी बाल-बाल बच गए। जब गोलियां चलाई गईं, उस समय वह अपने घर के अंदर मौजूद थे और अपनी बिल्डिंग की सातवीं मंजिल पर आराम कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती तौर पर सिक्योरिटी गार्ड को तेज आवाज पटाखों की लगी, लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर यह साफ हुआ कि बाहर फायरिंग हुई थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार तड़के हुई जब जुहू स्थित रेजिडेंशियल टावर के बाहर चार गोलियां चलाई गईं। फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एहतियात के तौर पर रोहित शेट्टी की बिल्डिंग के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जांच के दौरान पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पुणे से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दोपहर करीब 2 बजे पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमन आनंद मारोटे (27), आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18) और स्वप्निल बंदू सकट (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमले की साजिश किस स्तर पर और किसके इशारे पर रची गई थी।

इस बीच कथित गैंगस्टर शुभम लोंकर, जिसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है, का एक धमकी भरा संदेश ऑनलाइन सामने आया है। इस संदेश में फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए रोहित शेट्टी को चेतावनी दी गई है और साथ ही पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को भी धमकी दी गई है। इस मैसेज के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है।

फिलहाल रोहित शेट्टी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, उनके प्रशंसक और शुभचिंतक सोशल मीडिया के जरिए उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए दुआएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अहम खुलासे हो सकते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close