बर्फबारी के बाद हालात सामान्य करने के लिए सीएम सुक्खू ने दिए निर्देश, जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता देने पर जोर

प्रदेश के कई इलाकों में हुई बर्फबारी के मद्देनजर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जनजीवन को सामान्य बनाए रखने के लिए प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं को तुरंत बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाए। उन्होंने अस्पतालों और अन्य जरूरी सेवाएं प्रदान करने वाले संस्थानों तक पहुंचने वाले मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बाधित सड़कों को बहाल करने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों और मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत और जलापूर्ति योजनाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन को जरूरतमंद लोगों को तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए भी कहा गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम और विभाग को बर्फबारी से प्रभावित इलाकों में खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि वर्षा और बर्फबारी से प्रदेश के किसान और बागवानों को राहत मिली है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने पर्यटकों का स्वागत करते हुए कहा कि बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उन्होंने जलवायु परिवर्तन से पर्यावरण पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभावों पर चिंता जताते हुए इसके कारणों के अध्ययन के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस बीच, बर्फबारी के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को राज्य सचिवालय पहुंचे और नियमित सरकारी कार्यों का निपटारा किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बर्फबारी के कारण आम लोगों को हो रही परेशानियों का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए।







