Main Slideप्रदेश

पराक्रम दिवस पर सीएम नायब सिंह सैनी ने नेताजी को दी श्रद्धांजलि, युवाओं से राष्ट्र निर्माण का आह्वान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। देशभर में नेताजी की जयंती ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाई जाती है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ के सेक्टर-3 स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अपने अदम्य साहस, प्रभावशाली नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान के माध्यम से देशवासियों में स्वतंत्रता की चेतना को प्रज्वलित किया। उन्होंने कहा कि भारत की आज़ादी महान क्रांतिकारियों के संघर्ष और त्याग का परिणाम है, जिनमें नेताजी का योगदान अतुलनीय है।

सीएम सैनी ने नेताजी की वीरता, राष्ट्रभक्ति और निस्वार्थ सेवा को स्वतंत्रता संग्राम की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि नेताजी के आत्मनिर्भरता, राष्ट्रसेवा और अटूट संकल्प के आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ की नींव मजबूत की जा रही है। आज देश आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नेताजी के विचारों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के सहयोग से भारत को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि यह पर्व सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और सशक्त करता है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close