Main Slideप्रदेश

सीएम भगवंत मान के निर्देशों पर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, फिरोजपुर में ढाई किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद

फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर जिले में पुलिस ने पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की खेप बरामद की है। थाना मक्खू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो 537 ग्राम हेरोइन के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर गांव पधरी के पास बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1 किलो 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभसिमरन सिंह और सुखविंदर सिंह उर्फ चन्नण के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह हेरोइन पाकिस्तान में बैठे तस्कर रियाज द्वारा सीमा पर लगी तार के पार से फेंककर भेजी गई थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि एक और खेप सीमा से सटे खेतों में ट्यूबवेल के पास छिपाकर रखी गई है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो पैकेटों में बंद 1 किलो 37 ग्राम हेरोइन और बरामद की। इस तरह कुल बरामदगी 2 किलो 537 ग्राम हो गई। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

इस मामले पर पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर राज्य में नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 45,000 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। डीजीपी ने बताया कि पंजाब सरकार नशा और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में 992 गैंगस्टरों की गिरफ्तारी की गई है और इन अभियानों की निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री भगवंत मान कर रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close