Main Slideप्रदेशराजनीति

महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के चुनाव के लिए मतदान जारी, मोहन भागवत और अक्षय कुमार ने डाला वोट

महाराष्ट्र में तीन साल के लंबे अंतराल के बाद आज 15 दिसंबर को 29 नगर निगमों के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मुंबई समेत सभी महानगरपालिकाओं में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5:30 बजे तक चलेगा। आम नागरिकों के साथ-साथ कई प्रमुख हस्तियां भी मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने सुबह-सुबह मतदान कर लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। दोनों ने नागरिकों से अधिक संख्या में वोट डालने का आग्रह किया।

राज्य की 29 नगर निगमों के अंतर्गत 893 वार्डों की कुल 2,869 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इस चुनावी मुकाबले में 15,908 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के लिए 39,092 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 3,196 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। करीब 3.48 करोड़ मतदाता उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। इस चुनाव का सबसे बड़ा केंद्र मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) है, जिसे देश का सबसे समृद्ध नगर निकाय माना जाता है।

मतदान के बाद मोहन भागवत ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार चुनने के लिए मतदान बेहद जरूरी है और यह हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि समाज और जनहित को ध्यान में रखते हुए सही उम्मीदवार का चयन किया जाना चाहिए, इसलिए उन्होंने दिन की शुरुआत मतदान से की। वहीं अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि बीएमसी चुनाव के दिन मुंबईकरों के हाथ में रिमोट कंट्रोल होता है। उन्होंने कहा कि अगर हमें मुंबई का असली हीरो बनना है तो डायलॉगबाजी नहीं, बल्कि बाहर निकलकर वोट करना चाहिए। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।

चुनाव आयोग ने मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आज सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। वोटों की गिनती 16 दिसंबर को होगी और नतीजे उसी दिन घोषित किए जाएंगे। यह चुनाव महाराष्ट्र की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि बीएमसी के फैसले मुंबई के विकास, बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं पर सीधा असर डालते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close