बुलंदशहर में 4 साल की मासूम से रेप के बाद हत्या, पुलिस ने तीन घंटे के अंदर किया आरोपी का एनकाउंटर

बुलंदशहर| उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। हालांकि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज तीन घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले दो आरोपियों की पहचान राजू और वीरा कश्यप के रूप में हुई है। दोनों आरोपी लखीमपुर और बलरामपुर जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल गोली लगने के कारण घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं।
शाम से लापता थी मासूम, घर के पीछे मिला शव
जानकारी के मुताबिक, बच्ची देर शाम से लापता थी। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी तलाश की, जिसके बाद मकान के पीछे उसका शव बरामद हुआ। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।बच्ची के पिता ने सिकंदराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने मकान में किराए पर रह रहे दो युवकों पर शक जताया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी।
एनकाउंटर के बाद गिरफ्तारी
पुलिस की तीन टीमों ने आरोपियों की तलाश में इलाके की घेराबंदी की। इस दौरान कांवरा रोड स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में छिपे आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों आरोपियों के पैर में लगी, जिसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। शिकायत दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।





