सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश: मुख्यमंत्री सुक्खू ने पावर कॉरपोरेशन की समीक्षा बैठक में दिए अहम निर्देश

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPPCL) की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राज्य के विभिन्न जलविद्युत और सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान शोंग टोंग, कड़छम, पेखु बेला सहित सभी प्रमुख हाइड्रो और सोलर प्रोजेक्ट्स की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शोंग टोंग प्रोजेक्ट की पहली यूनिट दिसंबर 2026 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि मार्च 2027 तक इसकी सभी तीन यूनिट्स शुरू की जाएंगी। इस प्रोजेक्ट से राज्य को लगभग 450 मेगावाट बिजली मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सर्दियों के महीनों में बाहरी राज्यों से बिजली खरीदने पर सरकार को प्रति यूनिट ₹5 तक का खर्च उठाना पड़ता है, इसलिए सौर ऊर्जा परियोजनाओं को भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार “आत्मनिर्भर हिमाचल” के लक्ष्य की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसके तहत हाइड्रो, सोलर और ग्रीन हाइड्रोजन प्रोजेक्ट्स को राज्य की ऊर्जा नीति का मुख्य आधार बनाया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के 1400 करोड़ रुपये के JAICA प्रोजेक्ट स्वीकृति संबंधी बयान को गलत बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रोजेक्ट अभी प्रक्रिया में है और इसकी स्वीकृति नीति आयोग, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और वित्त मंत्रालय की मंजूरी के बाद ही होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “बिना पूरी जानकारी के ऐसे बयान देना उचित नहीं है।”







